शिमला में गर्मी का प्रकोप जारी
यहां स्थित मौसम विज्ञान कार्यालय के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "तापमान में असामान्य बढ़ोतरी और मानसून में देरी के कारण निचली और बीच की पहाड़ियों में सूखे जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस स्थिति के कुछ दिनों तक बने रहने की संभावना है।"
शिमला में इस मौसम का सबसे गर्म दिन मंगलवार को दर्ज किया गया। मंगलवार को पारा 30.6 डिग्री पर पहुंच गया था।
सिंह ने कहा कि ज्यादातर जिलों में गर्मी के दौरान मामूली वर्षा ही हुई है।
उन्होंने चेतावनी दी, "चूंकि इस मौसम में लगभग 53 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, लिहाजा मानसून में देरी के कारण पहाड़ियों में सूखे की स्थिति बनी रहेगी।"
शिमला के नगर निगम आयुक्त ए.एन.शर्मा ने कहा, "इस वर्ष समस्या ज्यादा गंभीर है, क्योंकि ठंड के दिनों में हिमपात ने भी धोखा दिया है। शिमला में उमड़ रही पर्यटकों की भीड़ ने इस मौसम में स्थिति को और गंभीर बना दिया है। सरकार ने यहां पानी के इस्तेमाल पर नियंत्रण लगाना शुरू कर दिया है।"
कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है, "लंबे समय तक बारिश न होने के कारण सिरमौर, उना, हमीरपुर, बिलासपुर और सोलन जिलों में फसलों पर बुरा असर पड़ा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications