भ्रम की स्थिति के बीच नेपाल में कैबिनेट का विस्तार (लीड-1)
काठमांडू, 24 जून (आईएएनएस)। शांति प्रक्रिया को गति देने के लिए भारतीय विदेश सचिव शिवशंकर मेनन की नेपाल यात्रा के 72 घंटे के भीतर प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल ने बुधवार को अपने कैबिनेट का तीसरी बार विस्तार किया। इस बार के विस्तार में तराई की पार्टियों को सरकार में शामिल किया गया। तराई की पार्टियां कैबिनेट में मलाईदार विभागों की मांग को लेकर अड़ी हुई थीं।
यद्यपि सरकार में दो राज्यमंत्रियों सहित कुल आठ नए मंत्रियों के शामिल किया गया, लेकिन राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में एक मंत्री की अनुपस्थिति से भ्रम की स्थिति बनी रही।
मंत्रिमंडल में मलाईदार विभागों की मांग को लेकर लंबे समय से अड़ी रही तराई की सबसे बड़ी पार्टी मधेसी जनाधिकार फोरम ने बुधवार को शरद सिंह भंडारी और मृगेंद्र कुमार सिंह को मंत्रिमंडल में भेजा है। भंडारी को पर्यटन व नागरिक उड्डयन मंत्री तथा सिंह को कृषि व सहकारिता मंत्री बनाया गया है।
सदन में पांचवी सबसे बड़ी पार्टी तराई मधेश लोकतांत्रिक पार्टी (टीएमएलपी) ने मंत्रिमंडल में अपने तीन मंत्री भेजे हैं। यह पार्टी पिछले वर्ष हुए चुनाव के बाद पहली बार सरकार में शामिल हुई है।
टीएमएलपी के मंत्रियों में रामचंद्र कुशवाह (शिक्षा व खेल मंत्री), महेंद्र यादव (उद्योग मंत्री) और गणेश नेपाली (युवा व खेल मंत्री) के नाम शामिल हैं। लेकिन यादव शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित नहीं हुए।
तराई की तीसरी पार्टी भी मंत्रिमंडल में सीटों के लिए बातचीत कर रही थी, लेकिन फिलहाल वह नेपाल सरकार पर आमसहमति की राजनीति के खिलाफ जाने का आरोप लगाकर सरकार से दूर बनी हुई है।
पूर्व शाही पार्टी राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) भी अपने वरिष्ठ नेता दीपक बोहरा को मंत्रिपरिषद में भेज कर गठबंधन सरकार में शामिल हो गई है। बोहरा को वन व मृदा संरक्षण मंत्री बनाया गया है।
बुधवार को हुए मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद नेपाल में छह पार्टियों के गठबंधन की सरकार कायम हो गई है। इस गठबंधन में नेपाली कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल-यूनीफाइड (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) प्रमुख घटक दल के रूप में हैं।
दो नए राज्य मंत्रियों को भी प्रधानमंत्री कार्यालय में शपथ दिलाई जाएगी।
ये दो मंत्री होंगे टीएमएलपी के दान बहादुर चौधरी (उद्योग राज्यमंत्री)और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के मान बहादुर शाही (भूमि सुधार व प्रबंधन राज्यमंत्री)।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications