छात्रों की सुरक्षा बढ़ाने के प्रयास करेंगे : रुड
कैनबरा, 24 जून (आईएएनएस)। भारतीय छात्रों पर हमलों की बढ़ती घटनाओं पर आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री केविन रुड ने बुधवार को कहा कि वह अंतर्राष्ट्रीय छात्रों की अधिकतम सुरक्षा के उपायों के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
संसद के अपने विशाल कार्यालय में दौरे पर आए भारतीय पत्रकारों के एक दल से चर्चा के दौरान रुड ने कहा,"इन हमलों को हमने गंभीरता से लिया है और इस मुद्दे पर भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से चर्चा की है। हम इस मुद्दे पर भारतीय समुदाय के अपने मित्रों के साथ काम करेंगे।"
बहरहाल रुड ने जोर दिया कि आस्ट्रेलिया एक सुरक्षित स्थान है और 'तुलनात्मक अपराध आंकड़ों' से पता चलता है कि अन्य पश्चिमी देशों की तुलना में देश में हत्या की दर कम है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत में 20 आस्ट्रेलियाई नागरिकों की हत्या और उन पर हमला या यौन हमला हुआ है लेकिन इसके लिए उन्होंने भारतीय लोगों या सरकार पर आरोप नहीं लगाया।
रुड ने कहा कि भारतीय समुदाय का आस्ट्रेलिया के भोजन,संस्कृति और संगीत पर महत्वपूर्ण प्रभाव है।
उन्होंने कहा,"हमें आपके देश से गहरा लगाव है और हम दोनों बॉलीवुड तथा क्रिकेट का आनंद उठाते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications