बारिश के लिए इन्द्र देवता को मनाने में जुटे लोग
पटना के फतुहा में बुधवार को कई महिलाओं ने इन्द्र भगवान को मनाने के लिए गंगा नदी के किनारे त्रिवेणी घाट पर पूजा-पाठ की। पूजा में जुटी किरण कुमारी कहती हैं, "बारिश नहीं होने के कारण लोग परेशान हैं। पुराने समय से यह प्रचलन है कि बारिश नहीं होने पर भगवान को प्रसन्न किया जाता है। इसी कारण हम लोग भी इन्द्र देवता को मनाने के लिए गंगा तट पर पूजा कर रहे हैं।"
इससे पहले मंगलवार को गर्मी से राहत और बारिश के लिए पटना में गंगा नदी के तट पर साधुओं द्वारा एक यज्ञ किया गया। यज्ञ में शामिल 11 साधुओं और वहां उपस्थित सैकड़ों लोगों ने ने इन्द्र देवता और गंगा की प्रार्थना की।
इस मौके पर यज्ञ में शामिल रत्न बाबा ने कहा कि मानसून आने में विलंब के कारण इंद्र भगवान को मनाने के लिए यज्ञ किया गया। उन्होंने कहा कि जिस कार्य से जन कल्याण हो उसे जरूर करना चाहिए।
उधर, गया जिला मुख्यालय में भी बारिश के लिए एक यज्ञ का आयोजन किया गया। वहां के धर्मशाला भवन में कालीचंडी नामक इस यज्ञ के आयोजनकर्ता आनंद शंकर पांडेय कहते हैं कि बारिश नहीं होने के कारण जलस्रोत काफी नीचे चले गए हैं। बारिश के लिए इन्द्र देवता को मनाने के कालीचंडी यज्ञ का आयोजन किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications