तालेबान के ख़िलाफ़ बड़ा सैन्य अभियान

अफ़ग़ानिस्तान के हेलमंद प्रांत में ब्रितानी सैनिक तालेबान के ठिकानों को निशाना बनाते हुए एक बड़े सैन्य अभियान को अंजाम दे रहे हैं.
अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार सोमवार-मंगलवार मध्यरात्रि के समय हेलमंद प्रांत में लश्कर गाह के उत्तर में बाबाजी नाम की जगह पर लगभग 350 सैनिकों को उतारा गया. अभियान को पैंथर्स क्लॉ नाम दिया गया है और इसमें ब्रितानी और अमरीकी सेनाओं ने 12 चीनूक हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया है.
ग़ौरतलब है कि ये अभियान इस साल अगस्त में होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनावों से पहले उस इलाक़े में सेना की स्थायी मौजूदगी बनाने के लक्ष्य से किया गया है और अब तक सेना ने तीन मुख्य रास्तों पर कब्ज़ा कर लिया है.
लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल
बीबीसी की रक्षा संवाददाता केरोलिन वाएट का कहना है कि अमरीका के अतिरिक्त सैनिकों के हेलमंद प्रांत में पहुँचने से ऐसे अभियान को अंजाम देना संभव हुआ है. उनके अनुसार अब सेना तालेबान के गढ़ों को निशाना बना रही है और कब्ज़े में किए गए क्षेत्र पर नियंत्रण कायम रख पा रही है.
इस अभियान में हथियारों से लैस एपेचे और ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टरों, स्पैक्टर गनशिप्स, हैरियर जैट विमानों, चालक रहित टोही विमानों का सहयोग लिया गया है.
इस दौरान तालेबान की ओर से इस्तेमाल किए जाने वाले कई हथियार, बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय कर दिया गया. ग़ौरतलब है कि ये अभियान उस समय हो रहा है जब वर्ष 2001 से अफ़ग़ानिस्तान में 169 ब्रितानी सैनिक मारे जा चुके हैं.


Click it and Unblock the Notifications