भारत: स्वाइन फ़्लू पीड़ितों की संख्या 63 हुई

भारत में स्वाइन फ़्लू से संक्रमित चार और लोगों की पहचान हुई और संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ कर 63 हो गई है. भारत का कहना है कि ये नियंत्रण में है.
सोमवार को स्वाइन फ़्लू से संक्रमित चार में से दो लोग राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में पाए गए जबकि मुंबई और पुणे में एक एक रोगी की पहचान की गई. दिल्ली में पाए गए मामले में युवक अमरीका से आया था और जबकि महिला कनाडा से आई थी. इस तरह राजधानी दिल्ली में अब तक 26 रोगियों की पहचान हुई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय की बहुआयामी रणनीति के कारण अन्य देशों की तुलना में भारत में स्वाइन फ़्लू के ज्यादा मामले सामने नहीं आए हैं ग़ुलाम नबी आज़ाद, स्वास्थ्य मंत्री
| |
दूसरी ओर भारत सरकार ने कहा है कि उनकी पहल के कारण स्वाइन फ़्लू के ज्यादा मामले सामने नहीं आए हैं.
भारत प्रशासित जम्मू कश्मीर के भद्रवाह में भारत के स्वास्थ्य मंत्री ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा,'' स्वास्थ्य मंत्रालय की बहुआयामी रणनीति के कारण अन्य देशों की तुलना में भारत में स्वाइन फ़्लू के ज्यादा मामले सामने नहीं आए हैं.''
ग़ुलाम नबी आज़ाद का कहना है कि ये बीमारी भारत में पूरी तरह नियंत्रण में है, और देश में पर्याप्त दवाएँ उपलब्ध हैं. उनका कहना था कि इससे चिंतित होने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि इसका इलाज संभव है.
आज़ाद का कहना था कि देश की जनसंख्या को देखते हुए अब तक सामने आए मामले नगण्य हैं. उनका मंत्रालय स्वाइन फ़्लू के उन मामलों पर कड़ी नजर रख रहा है जो प्रभावित देशों से आए हैं.
भारत में स्वाइन फ़्लू के कुल 63 रोगियों में से 37 को इलाज के बाद छु्ट्टी दे दी गई, बाक़ी रोगियों को विभिन्न स्थानीय सरकारी अस्पतालों में रखा गया है.
इन रोगियों का इलाज चल रहा है और उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है. उल्लेखनीय है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने स्वाइन फ़्लू को महामारी घोषित कर दिया है.


Click it and Unblock the Notifications