माओवादियों के बंद का दूसरा दिन

पश्चिम बंगाल के लालगढ़ में सुरक्षाबलों की कार्रवाई के विरोध में माओवादियों का सोमवार को बंद शुरू हुआ था.
हालांकि अब तक पांचों राज्यों से हिंसा की किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं है.
लेकिन पश्चिम बंगाल में बंद के कारण पश्चिमी मिदनापुर, पुरुलिया और बांकुड़ा ज़िले में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है.
उड़ीसा के मल्कानगिरि ज़िले में सुरक्षाबलों ने सोमवार को दो माओवादियों को मारने का दावा किया है.
माओवादियों के बंद का असर झारखंड में भी देखा जा रहा है.
ख़बर है कि सोमवार को राज्य के पूर्वी सिंहभूमि ज़िले में माओवादियों ने एक बारूदी सुरंग का धमाका किया.
केंद्र का प्रतिबंध
दूसरी ओर सोमवार को भारत सरकार ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) पर प्रतिबंध लगाते हुए उसे आतंकवादी संगठनों की सूची में शामिल कर दिया.
सुरक्षाबलों के बावजूद माओवादी अब भी सक्रिय हैं
भारत में सीपीआई ( माओवादी) प्रमुख नक्सल संगठन है. भारत में क़रीब 34 संगठनों को आतंकवादी संगठनों की सूची में शामिल किया गया है जिसमें सीपीआई (माओवादी) के अलावा सिमी जैसे संगठन भी शामिल हैं.
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने इस संबंध में कहा कि वो सीपीआई (माओवादी) पर प्रतिबंध लगाने का विरोध करते हैं और वो ऐसे संगठनों से राजनीतिक स्तर पर निपटना चाहते हैं.
हालांकि पश्चिम बंगाल में पार्टी के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने कुछ दिन पहले कहा था कि राज्य सरकार नक्सलियों पर प्रतिबंध लगाने पर गंभीरता से विचार कर रही है.
उल्लेखनीय है कि नक्सली संगठन भारत के कई राज्यों ख़ासकर आंध्र प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और बिहार में सक्रिय हैं.
पिछले दिनों माओवादियों ने बंगाल के लालगढ़ इलाक़े पर कब्ज़ा कर लिया था और पुलिस थानों से पुलिस को भगा दिया था, वहां अब भी सुरक्षाबलों और माआवोदियों के बीच संघर्ष चल रहा है.


Click it and Unblock the Notifications