ईराक में जबरदस्त धमाके, 29 मरे

इराक़ में एक बार फिर कई आत्मघाती बम धमाके हुए हैं. इन आत्मघाती धमाकों में कम से कम 29 लोग मारे गए हैं जबकि 75 लोग घायल हुए हैं. मारे गए लोगों में तीन छात्र, तीन इराक़ी सैनिक और एक चार साल का बच्चा शामिल है.
शनिवार को ही इराक़ के उत्तरी शहर किरकुक में हुए एक ट्रक बम धमाके में 70 लोग मारे गए थे और 200 लोग घायल हुए थे. सोमवार को इराक़ में कई हमले हुए. राजधानी बग़दाद के नज़दीक अबू ग़रेब में नगरपालिका दफ़्तर के बाहर एक कार बम धमाका हुआ.
धमाके
पुलिस ने बताया है कि इस आत्मघाती धमाके में सात लोग मारे गए और 13 अन्य घायल हो गए. सद्र सिटी में एक मिनी बस में हुए धमाके में तीन छात्रों की मौत हो गई. इस धमाके में बस के ड्राइवर समेत 12 लोग घायल हो गए.
उत्तरी बग़दाद के शाब ज़िले में एक अन्य धमाके में तीन लोग मारे गए. बग़दाद के कराद ज़िले में कार बम धमाके में पाँच लोग मारे गए. जबकि दिलाया प्रांत में एक धमाके में तीन इराक़ी सैनिक मारे गए.
ये धमाके ऐसे समय हुए हैं, जब 30 जून तक ज़्यादातर अमरीकी सैनिक इराक़ी शहरों से हटकर सैनिक अड्डों पर चले जाएँगे. इस समय इराक़ में एक लाख 33 हज़ार अमरीकी सैनिक हैं.


Click it and Unblock the Notifications