एयर इंडिया में वेतन कटौती की तैयारी

एयर इंडिया अपने कर्मचारियों पर आने वाली लागत को 500 करोड़ रुपए प्रति वर्ष तक कम करने की योजना बनाने पर विचार कर रही है. इसके मद्देनज़र बनी एक समिति कर्मचारी संघों के साथ बातचीत करने के बाद वेतन और दूसरे समझौतों की दोबारा समीक्षा कर रही है.
कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार नकदी के संकट में फंसी एयरलाइंस अपने कर्मचारियों के वेतन पर प्रति वर्ष तीन हज़ार करोड़ रुपए ख़र्च करती है. उन्होंने बताया कि कंपनी इसमें 500 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष की कमी करने का लक्ष्य लेकर चल रही है.
वर्तमान में इंडियन एयरलाइंस और एयर इंडिया को मिलाकर एक हुई कंपनी में 31 हज़ार कर्मचारी काम कर रहे हैं. पिछले दिनो गठित छह समितियों में लागत युक्तिसंगत समिति भी है जिसमें मानव संसाधन और वित्त विभागों के अधिकारी भी शामिल हैं.
रिपोर्ट
इस समिति से लागत को युक्तिसंगत बनाने तथा फिज़ूलखर्चो घटाने के बारे में कर्मचारी संघों के साथ बातचीत करने को कहा गया है. यह समिति बातचीत करने के बाद अपनी रिपोर्ट 15 जुलाई तक पेश करेगी.
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि समिति वेतन समझौतों पर विचार करेगी जिसमें उड़ान भत्ते और काम पर आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) शामिल है. लागत युक्तिसंगत समिति के अलावा कंपनी ने पाँच दूसरी समितियाँ भी गठित की हैं जिनमें एकीकरण समिति, हरित पहल समिति, सुरक्षा समिति, ग्राहक सूचना समिति और मार्ग युक्तिसंगत समिति शामिल हैं.
लागत में कमी के बारे में प्रबंधन ने विभिन्न एयर इंडिया कर्मचारी संघों के साथ दो दौर की बातचीत की है और कर्मचारी संगठनों ने लागत में कमी से संबंधित कुछ सुझाव भी दिए हैं.


Click it and Unblock the Notifications