टैक्सी ड्राइवर का बेटा बना ब्रिटिश संसद का स्पीकर
लंदन 23 जून (आईएएनएस)। विश्व की सबसे पुरानी संसद यानी ब्रिटिश पार्लियामेंट के नवनियुक्त स्पीकर जॉन बेर्सोव एक टैक्सी ड्राइवर के बेटे हैं। उनकी प्रसिद्धि का आलम यह है कि वह नेता तो हैं टोरी पार्टी के लेकिन सत्ताधारी लेबर पार्टी में भी उनके चाहने वालों की लंबी कतार है।
स्पीकर के लिए सोमवार को हुए चुनाव में बेर्सोव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी व पूर्व मंत्री सर जार्ज यंग को पराजित किया। सांसदों के खर्च संबंधी एक घोटाले में पूर्व स्पीकर माइकल मार्टिन को पिछले दिनों अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। वह पहले ऐसे स्पीकर हैं जिन्हें दोषी सांसदों का समर्थन करने के कारण अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।
साफ सुथरी छवि वाले बेर्सोव ने परिवर्तन और सुधार का वादा किया है। 46 वर्षीय बेर्सोव के पिता टैक्सी चलाते थे। बचपन से ही तेज तर्रार रहे बेर्सोव टोरी पार्टी से जुड़ गए। वह फेडरेशन ऑफ कंजरवेटिव स्टूडेंट्स के भी अध्यक्ष रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications