वाशिंगटन में भूमिगत रेल दुर्घटना, 6 की मौत, 70 घायल (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार यह दुर्घटना मैरीलैंड राज्य की सीमा से लगे वाशिंगटन के क्षेत्र में शाम पांच बजे हुई। एक ट्रेन अचानक दो स्टेशनों के बीच रूक गई और तभी पीछे से आ रही ट्रेन ने उसमें टक्कर मार दी।
वाशिंगटन के मेयर एड्रीएन फेंटी ने कहा कि मौके पर स्थिति काफी भयावह हो गई।
टेलीविजन फुटेज में दिखाया गया है कि बुरी तरह क्षतिग्रस्त डिब्बे एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए हैं। दुर्घटना के कारण इस मार्ग पर रेल यातायात रोकना पड़ा।
मृतकों में टक्कर मारने वाली रेलगाड़ी का चालक भी शामिल है।
वाशिंगटन के अग्निशमन सेवा प्रमुख डेनिस रुबिन ने बताया कि 70 घायलों में 50 लोगों को हल्की चोटें आइर्ं हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों की संख्या 14 है, इनमें से छह की हालत चिंताजनक है।
बचाव व राहत कार्य में अग्निशमन विभाग के करीब 200 अधिकारी व कर्मचारी लगे हुए थे।
वाशिंगटन और उससे लगे मेरीलैंड तथा वर्जीनिया के उपनगरों में मेट्रो ट्रेन और बसों की संचालन व्यवस्था के प्रमुख जान काटोए ने कहा कि दमकल कर्मचारी अभी भी मलबे से घायलों की तलाश में लगे हुए हैं।
अधिकारियों ने इस मार्ग का उपयोग करने वाले यात्रियों से अन्य मार्गो और दूसरे साधनों का प्रयोग करने को कहा है। वाशिंगटन की भूमिगत रेल व्यवस्था के 33 वर्ष के इतिहास में यह सबसे बड़ी दुर्घटना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।