मध्य प्रदेश के मंत्रालय में कर्मचारी नहीं आते समय पर
यह हकीकत मंगलवार को तब उजागर हो गई जब प्रदेश के सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री क़े एल़ अग्रवाल ने मंत्रालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में उन्हें 366 कर्मचारी गैर हाजिर मिले।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय के अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक को समय पर आने की कई बार नसीहत दी है। कर्मचारियों पर दबाव बनाने के मकसद से चौहान भी कई बार मंत्रालय निर्धारित समय 10 बजे ही पहुंच जाते हैं। मुख्यमंत्री की यह कोशिश लगता है कर्मचारियों पर असर नहीं दिखा पाई है। मुख्यमंत्री भले ही 10 बजे दफ्तर पहुंच जाएं परंतु कर्मचारी अपनी मन मर्जी से ही आते हैं।
प्रदेश के सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री अग्रवाल ने मंगलवार को जब मंत्रालय के चार मंजिलों में चलने वाले कई कार्यालयों का जायजा लिया तो उन्हें 366 कर्मचारी गैर हाजिर मिले। उन्होंने इन गैर हाजिर कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं।
अग्रवाल ने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की मंशा है कि मंत्रालय में अधिकारी और कर्मचारी समय पर आएं तथा अपने काम को पूरा करें ताकि जन सामान्य को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।