जींस पर रोक बर्दाश्त नहीं : उत्तर प्रदेश सरकार
लखनऊ में मुख्यमंत्री मायावती के सचिव कामरान रिजवी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकार को जानकारी मिली है कि कई महाविद्यालय कालेज परिसर में छात्राओं के जींस पहनने पर रोक लगाने का प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं, जबकि कुछ महाविद्यालयों द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया जा चुका है।
रिजवी ने कहा कि सरकार महाविद्यालयों में इस तरह के प्रतिबंध और ड्रेस कोड लागू करने के सख्त खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से महाविद्यालयों को निर्देश जारी किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से इस तरह के जींस पर रोक के फैसले को हटा लें।
उन्होंने कहा कि सरकार का आदेश का पालन न करने वाले महाविद्यालयों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश के 400 महाविद्यालयों के समूह उत्तर प्रदेश प्राचार्य परिषद (यूपीपीए) ने हाल ही में कालेज परिसर में छात्राओं के जींस पहनने पर पाबंदी लगाकर एक ड्रेस कोड लागू करने का प्रस्ताव तैयार किया था। साथ ही पिछले दिनों कानपुर शहर में चार महाविद्यालय छेड़खानी की घटनाओं पर रोक लगाने के नाम पर अपने परिसरों में छात्राओं के जींस पहनने पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी कर चुके हैं।
कानपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध शहर के दयानंद महिला महाविद्यालय, सेन बालिका महाविद्यालय, जौहरी महिला महाविद्यालय और आचार्य नरेंद्र देव महिला महाविद्यालय ने पिछले दिनों छात्राओं के महाविद्यालय परिसर में जींस पहनने पर रोक लगाने का फैसला किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications