खंडूरी की बिदाई तय, मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे (लीड-2)
ज्ञात हो कि भाजपा को हाल के लोकसभा चुनाव में राज्य की पांचों सीटों से हाथ धोना पड़ा था। ये सीटें हैं गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, अल्मोड़ा और नैनीताल-उधमसिंह नगर। जबकि वर्ष 2004 के चुनाव में भाजपा ने पांच में से तीन सीटें जीत ली थी।
भाजपा प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने आईएएनएस को बताया कि खंडूरी ने इस्तीफे की पेशकश की जिसे स्वीकार कर लिया गया।
उधर, नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड भवन में पत्रकारों से चर्चा में खंडूरी ने कहा, "लोकसभा चुनाव में हुई पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी अध्यक्ष को मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। पार्टी अध्यक्ष ने बुधवार को नई दिल्ली में विधायक दल की बैठक बुलाई है जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा।"
उन्होंने कहा, "लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के तीन दिनों बाद ही मैंने पार्टी अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेज दिया था लेकिन वह स्वीकार नहीं हुआ। मैंने फिर से उनके समक्ष अपने इस्तीफे की पेशकश की।"
उन्होंने कहा, "बतौर मुख्यमंत्री मैंने विकास को हमेशा तरजीह दी। लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में हुए सभी चुनावों में हमने शानदार सफलता दर्ज की, लेकिन लोकसभा चुनाव के परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे।"
ज्ञात हो कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद से ही खंडूरी पार्टी विधायकों के विद्रोह का सामना कर रहे थे।
बहरहाल, चुनावी पराजय के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के विद्रोही तेवरों के आगे आखिरकार पार्टी आलाकमान को झुकना पड़ा। खंडूरी को हटाने की मांग पर पहले कोश्यारी समर्थक विधायकों और मंत्रियों ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की धमकी दी और फिर इसके बाद खुद कोश्यारी ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर पार्टी नेतृत्व को सकते में डाल दिया। हालांकि बाद में वह मान गए थे, लेकिन खंडूरी को हटाए जाने की शर्त पर।
पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री पद के लिए खंडूरी की जगह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रमेश पोखरियाल का नाम सबसे आगे है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications