गरमी से राहत की उम्मीद बेमानी, अभी और तपेगी दिल्ली (लीड-1)
ऐसी आशंका जताई जा रही थी कि मंगलवार को राजधानी का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है लेकिन तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस तक जाकर रुक गया। एक लिहाज से यह अच्छी खबर है लेकिन बुरी खबर यह है कि यह तापमान भी औसत से पांच डिग्री अधिक है।
सफदरजंग मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मौसम गर्म बना रहेगा। आने वाले दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान के सामान्य से पांच डिग्री ऊपर बने रहने की संभावना है।"
बुधवार को अधिकतम तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून में देरी के कारण तेज गर्मी का प्रकोप जारी रहने की उम्मीद है। मानसून के आगमन में 10 दिनों की देरी की संभावना है। यह यहां एक जुलाई तक पहुंच सकता है।
उधर, गर्मी के प्रकोप के बीच राजधानी में बिजली की कमी की भी आशंका जताई जा रही है। दिल्ली ट्रांसको कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "दिल्ली में मंगलवार को 20 मेगावाट से 300 मेगावाट तक रोटेशनल लोड- शेडिंग दर्ज की गई। मंगलवार को 3848 मेगावाट बिजली की खपत हुई। खपत बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में लोड-शेडिंग बढ़ सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications