ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों के लिए सुधर रही है स्थिति : व्यालार रवि (लीड-1)
ऑस्ट्रेलिया की शिक्षा एवं रोजगार मंत्री लीसा पॉल से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में रवि ने कहा, "पुलिस एक के बाद एक लगातार कार्रवाई कर रही है। हो सकता है कि अभी भी इक्का-दुक्का घटनाएं हो रही हों।"
उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने मुझे आश्वासन दिया है कि ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों को वहां की सरकार पूरी सुरक्षा दे रही है। भारतीय उच्चायुक्त भी ऑस्ट्रेलियाई सरकार से लगातार संपर्क में है और वह पल-पल की घटनाओं पर निगरानी रख रहा है। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो स्थिति नियंत्रण में है।"
इस बीच लीसा पॉल ने कहा, "ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय छात्रों पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की है। आज मैंने रवि को पूरी विस्तृत जानकारी दी कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार की ओर से इस दिशा में क्या-क्या कदम उठाए गए।"
उन्होंने कहा, "हमें शक है कि कुछ आपराधिक छवि वाले लोग इन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। अत्यधिक प्रभावित इलाकों में पुलिस ने प्रयास भी तेज किए हैं। आने वाले दिनों में ऐसी घटनाओं में कमी आएगी।"
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर हुए हमलों के बाद भारत के दौरे पर आने वाली पॉल वहां की सर्वोच्च सरकारी अधिकारी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications