पाकिस्तान में शीर्ष आतंकी मारा गया (लीड-1)
इस्लामाबाद, 23 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तानी तालिबान कमांडर बैतुल्लाह महसूद पर विदेशी एजेंडा अपनाने का खुलेआम आरोप लगाने वाला एक शीर्ष आतंकवादी मंगलवार को एक हमले में मार गया।
समाचार एजेंसी ऑनलाइन ने खबर दी है कि कारी जैनुद्दीन उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) के डेरा इस्माइल स्थित अपने घर में मारा गया। डेरा इस्माइल महसूद का मुख्य गढ़ माना जाता है।
हमले के दौरान जैनुद्दीन का एक सहयोगी घायल हो गया। जैनुद्दीन के एक करीबी सहयोगी ने हत्यारे की पहचान गुल्बदीन महसूद के रूप में की है। गुल्बदीन हमले के बाद घटना स्थल से फरार हो गया। जैनुद्दीन के सहयोगी के अनुसार गुल्बदीन केंद्र शासित कबायली इलाके (एफएटीए) के अशांत दक्षिण वजीरिस्तान में मकीन इलाके का रहने वाला है।
जैनुद्दीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अभी तक इस हमले की किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। हमले में घायल जैनुद्दीन के एक सहयोगी बाज मोहम्मद ने कहा कि हमलावर ने सुबह की नमाज के बाद जैनुद्दीन के कार्यालय में प्रवेश किया और उसने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी।
बाज मोहम्मद ने कहा, "हमलावर बैतुल्लाह का आदमी था।"
दूसरी ओर दक्षिणी वजीरिस्तान में अफगान सीमा से लगे क्षेत्र में अमेरिकी हवाई हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
सूत्रों के हवाले से जियो टीवी ने कहा है कि तालिबान के कमांडर बैतुल्लाह मोहम्मद के गढ़ कहे जाने वाले लाधा उपमंडल में एक मकान पर अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने तीन मिसाइलें दागी।
पांच दिन पहले ही दक्षिणी वजीरिस्तान के सबसे बड़े शहर वाना में अमेरिका ने हवाई हमला किया था। उस हमले में कम से कम नौ तालिबान आतंकी मारे गए थे।
एक अधिकारी ने कहा कि हवाई हमले का लक्ष्य एक आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर और एक घर था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications