मेलबर्न में भारतीय छात्र पर फिर हमला
सोमवार को हमले में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती मीर राजा अली खान ने कहा कि यह एक नस्लीय हमला है क्योंकि उसके पैसे को नहीं छुआ गया।
समाचार चैनल सीएनएन-आईबीएन की वेबसाइट के अनुसार खान ने कहा, "हमला तब हुआ जब मैं एक सैलून से बाहर आ रहा था। दो लोग आए और मेरे चेहरे पर घूंसा मारा। यह नस्लीय हमला है क्योंकि उन्होंने पैसे नहीं लूटे। हमले के 10 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची।"
आस्ट्रेलिया में नौ मई के बाद से भारतीयों पर यह 16वां हमला है।
उधर नई दिल्ली में प्रवासी मामलों के मंत्री वायलार रवि से आस्ट्रेलिया की शिक्षा, रोजगार और कार्यस्थल संबंधी मंत्री लीजा पाल ने मंगलवार को मुलाकात की।
बैठक के बाद रवि ने संवाददाताओं से कहा कि आस्ट्रेलियाई मंत्री भारतीय छात्रों को पूर्ण सरकारी संरक्षण के बारे में आश्वस्त करने के लिए उनसे मिलने आईं थीं। वहां छिटपुट घटनाओं के बावजूद स्थिति नियंत्रण में है।
हमलों के बाद से भारत का दौरा करने वाली आस्ट्रेलिया की उच्च स्तरीय नेता पाल ने कहा, "हम अपराधी तत्वों से निपट रहे हैं। पुलिस मेलबर्न के महत्वपूर्ण स्थानों पर अपनी उपस्थिति बढ़ाने के प्रयास कर रही है। एक समय के बाद हमलों की संख्या में गिरावट दिख रही है।"
आस्ट्रेलिया में करीब 100,000 भारतीय छात्र हैं जो देश की अर्थव्यवस्था में 3.5 अरब डॉलर का योगदान करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications