भिन्ड से अपहृत 5 मुक्त, 1 की लाश मिली (लीड-1)
भिन्ड जिले में जल संसाधन विभाग द्वारा कनेरा परियोजना के तहत इन्दौर की एक निजी कम्पनी से कराए जा रहे निर्माण कार्य में लगे छह कर्मचारियों का अपहरण हो गया था। इनमें से पांच को मंगलवार की सुबह आगरा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुक्त करा लिया है। वहीं एक अपहृत सुरेश माहेश्वरी की लाश कछपुरा के बीहड़ में पाई गई है।
चंबल क्षेत्र की कनेरा परियोजना के काम में लगे इन्दौर की एक निजी कम्पनी के दो सब इंजीनियरों सहित कुल छह लोगों का अटेर थाना क्षेत्र के कछपुरा इलाके से 21 जून की दोपहर को पंडित गिरोह ने अपहरण कर लिया था। मध्य प्रदेश पुलिस ने इस गिरोह के मुखिया राजनारायण और राजकुमार पर 10-10 हजार रूपये का अतिरिक्त इनाम 22 जून को बढ़ा दिया था। अपहृतों को मुक्त कराने के लिए मध्य प्रदेष, राजस्थान और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त अभियान छेड़ रखा था।
चंबल क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आऱ बी़ शर्मा ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया है कि पुलिस की कॉबिंग और दबाव के चलते डकैत गिरोह जंगलों में भागता फिर रहा था। मंगलवार की सुबह डकैत गिरोह की भिन्ड जिले की सीमा से लगे उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के छेड़ा राठौड़ थाना क्षेत्र के जंगल में पुलिस से मुठभेड़ हो गई और डकैत पांच अपहृतों को छोड़कर भाग गए। एक अपहृत सुरेश माहेश्वरी की कछपुरा के बीहड़ से लाश बरामद कर ली गई है।
अपहृत लोगों ने पुलिस को बताया है कि सुरेश माहेश्वरी बीहड़ में सेहत ठीक न होने के कारण चल नहीं पा रहा था। इसलिए डकैत उसे वहीं छोड गए थे। पुलिस का अनुमान है कि तबियत बिगड़ने के कारण सुरेश की मौत हुई है। उसके शरीर पर गोली आदि का कोई निषान नहीं पाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications