नक्सलियों ने माकपा कार्यालयों को जलाया, बंद से जनजीवन प्रभावित
नक्सलियों के प्रभाव वाले तीन जिलों-बांकुरा, पुरूलिया और पश्चिमी मिदनापुर के बड़े हिस्से में यातायात ठप रहा, दुकानें और बाजार बंद रहे और लोग अपने घरों में कैद रहे।
सोमवार रात संदिग्ध नक्सलियों ने पश्चिमी मिदनापुर के झारग्राम इलाके और पुरूलिया के बड़ा बाजार में माकपा कार्यालयों में आगजनी और लूटपाट की।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों ही मामलों में हमलावरों ने नक्सली समर्थक नारेबाजी की।
पश्चिमी मिदनापुर और बांकुरा जिलों में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान बारूदी सुरंग रोधी वाहनों के साथ गस्त कर रहे हैं।
राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) कुलदीप सिंह ने आईएएनएस को फोन से बताया कि इस तरह के बंद का हमेशा मिला-जुला प्रभाव होता है। जिलों के जिन हिस्सों में नक्सली सक्रिय हैं, वहां लोगों में भय होता है और आम जनजीवन प्रभावित होता है। परंतु अन्य हिस्सों जहां विद्रोहियों की उपस्थिति नहीं है, वहां जनजीवन सामान्य है।
उन्होंने दावा किया कि कुछ छोटी दुकानें खुली हैं और कुछ बसें चल रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications