पांच राज्यों में नक्सलियों का तांडव

नक्सलियों ने पश्चिम बंगाल समेत छत्तीसगढ, बिहार, झारखंड, उड़ीसा बंद का ऐलान किया है। इन सभी राज्यों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद नक्सलियों का तांडव सोमवार को जारी रहा। नक्सलियों ने झारखंड में निमिदीह क्षेत्र में एक रेलवे ट्रैक विस्फोट से उड़ा दिया है।
रेलवे स्टेशन पर मिला बम
पश्चिम बंगाल के पुरूलिया के बीरामदी रेलवे स्टेशन पर टिफिन बम बरामद किया है। इसके बाद इस मार्ग की रेल सेवा बाधित हुई है। पिछली रात पुलिस ने लैंडमाइन बिछाते कुछ लोगों को गिरफ्तार किया।
बिहार के नक्सल प्रभावित गया, रोहतास, औरंगाबाद सहित कई जिलों में बंद का यातायात पर व्यापक प्रभाव देखा जा रहा है। नक्सल प्रभावित इलाकों के ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानें बंद रहीं। झारखंड जाने वाली लंबी दूरी की बसों का संचालन रोक कर दिया गया है। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, जीटी रोड पर भी वाहनों की आवाजाही में कमी देखी जा रही है। रेलवे पटरियों, रेलवे स्टेशनों तथा आधारभूत संरचनाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षाकर्मियों का वाहन उड़ाया
नक्सलियों ने झारखंड में एक विस्फोट में सुरक्षा बलों के वाहन को उड़ा दिया। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोरामोरा जंगल के समीप नक्सलियों ने बारूदी सुरंगरोधी वाहन को उड़ा दिया। नक्सलियों ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी भी की। खरसावा इलाके में पटरी के समीप एक जिंदा बम पाया गया।
उड़ीसा के मलकानगिरि जिले में नक्सलियों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली ढेर हो गए। मलकानगिरि के बाहरी इलाके में नक्सली एक थैले में हथगोले ले कर पहुंचे थे।


Click it and Unblock the Notifications