पूर्वोत्तर के विकास के लिए खाका तैयार कर रही है सरकार
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री बी.के.हांडिक ने सोमवार को कहा कि यह खाका सरकार के 'नार्थ ईस्ट विजन-2020' का एक हिस्सा है। यह खाका इस क्षेत्र में केंद्र प्रायोजित परियोजनाओं को तेजी के साथ लागू करने और सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों को मजबूती प्रदान करने पर केंद्रित होगा।
ज्ञात हो कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के सर्वागीण विकास के लिए 'विजन-2020' नामक इस योजना को पिछले वर्ष प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जारी किया था। इस योजना के तहत वर्ष 2020 तक इस क्षेत्र का पूर्ण रूप से विकास करना है।
अगले 100 दिनों के लिए अपने मंत्रालय के एजेंडे को जारी करते हुए हांडिक ने संवाददाताओं से कहा कि वह केंद्र प्रायोजित परियोजनाओं को राज्य सरकार के सहयोग से तेजी के साथ लागू करने के लिए कदम उठाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित पूर्वोत्तर ग्रामीण आजीविका परियोजना को लागू करेगी और पूर्वोत्तर हथकरघा व हैंडलूम विकास निगम (एनईएचएचडीसी) तथा पूर्वोत्तर क्षेत्रीय कृषि विपणन निगम (एनईआरएएमएसी) जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों को बढ़ावा देगी।
हांडिक ने कहा कि राज्य संचालित ये कंपनियां इस क्षेत्र में अतिरिक्त रोजगार अवसरों व अन्य आर्थिक अवसरों का सृजन करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications