'मिड-डे मिल' की शिकायतों के लिए हेल्प लाइन शुरू करेगी उप्र सरकार
उत्तर प्रदेश में मिड-डे मील परियोजना के अपर निदेशक संतोष राय ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि मिड-डे मील में लगातार मिल रही गड़बड़ी की शिकायतों के बाद राज्य सरकार ने यह हेल्प लाइन शुरू करने का फैसला किया है।
उन्होंने बताया कि 'हेल्पलाइन कम काल सेंटर' का एक टोल फ्री नंबर होगा जिस पर छात्र और उनके अभिभावक मिड-डे मील में अनिमितताओं से संबंधित शिकायतें कर सकेंगे। इसके अलावा छात्र स्कूल अधिकारियों के खिलाफ भी शिकायत कर सकेंगे।
राय ने कहा कि किसी भी हालत में शिकायत करने वाले छात्र या अभिभावकों का नाम सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। राय ने कहा कि यह हेल्प लाइन जुलाई माह के अंत तक शुरू हो जाएगी।
मालूम हो कि उत्तर प्रदेश में कक्षा आठ तक के 1 लाख 50 हजार स्कूलों में मिड-डे मील दिया जाता है। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से प्रदेश के करीब 1.85 करोड़ छात्रों को लाभ मिलता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications