एयर इंडिया की 500 करोड़ रुपये की वार्षिक वेतन कटौती की योजना
मुंबई, 22 जून (आईएएनएस)। सार्वजनिक क्षेत्र की विमान कंपनी एयर इंडिया ने सोमवार को कहा कि उसका लक्ष्य वार्षिक वेतन मद में 500 करोड़ रुपये की कटौती करने का है।
एयर इंडिया ने कर्मचारी यूनियनों और इंडियन पायलट गिल्ड के साथ उड़ान भत्तों और उत्पादकता से संबंधित लाभों सहित वर्तमान वेतन समझौतों का परीक्षण करने के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है।
समिति को यूनियनों के साथ फालतू खर्चो को कम करने के सभी पहलुओं पर विचार करने और अपनी रिपोर्ट 15 जुलाई तक पेश करने का निर्देश दिया गया है।
वर्तमान समय में एयर इंडिया का वार्षिक वेतन बिल 3,000 करोड़ रुपये से अधिक है।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि वेतन में कटौती के साथ ही वह कर्मचारियों की उत्पादकता सुधारने और फालतू खर्चो को रोकने की ओर भी देख रहा है।
इन कदमों को न्यायोचित ठहराते हुए एयर इंडिया ने कहा कि वैश्विक मंदी के बावजूद उसने अभी तक कर्मचारियों की छंटनी जैसे कदम नहीं उठाए हैं, जबकि इस संकट से दुनिया भर की विमान कंपनियां प्रभावित हुई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications