पश्चिम बंगाल में बंद का मिलाजुला असर
पश्चिमी मिदनापुर, बांकुड़ा और पुरूलिया जिले में सड़कों पर कम संख्या में गाड़ियां देखी गई। हालांकि अधिकांश दुकानें व व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
दक्षिणी पूर्वी रेलवे के एक सूत्र के मुताबिक पुरूलिया-बिरमाडीह रेल लाइन को नक्सलियों ने बाधित कर दिया है। नक्सलियों ने स्टेशन मास्टर को धमकी दी। स्टेशन पर से एक संदिग्ध बम भी बरामद किया गया। बम को निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधी दस्ता रवाना हो चुका है।
पश्चिमी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह ने आईएएनएस से फोन पर बातचीत में कहा, "सड़कों पर गाड़ियों की संख्या कम है। हो सकता है कि नक्सलियां के बंद के आह्वान पर ऐसा हुआ हो।"
उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। पुलिस की टीम पेट्रोलिंग भी कर रही है।
झाड़ग्राम उपमंडल से आ रही खबरों के मुताबिक बंद का वहां मिलाजुला असर है। सड़के खाली हैं और दुकानें बंद हैं। लालगढ़ इसी उपमंडल में आता है।
उल्लेखनीय है कि लालगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के विरोध में नक्सलियों ने पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, बिहार, उड़ीसा और झारखंड में 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications