ट्वेंटी-20 की जीत ने दिया पाक को झूमने का मौका
दरअसल, ट्वेंटी-20 विश्व कप में अपने देश की जीत से पाकिस्तानवासी आतंकवाद के जख्मों को भूलकर खुशी के मारे झूम उठे। लोगों ने मिठाइयां बांटी और सड़कों पर जमकर डांस किया।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक रविवार को जब कप्तान यूनुस खान ने खिताबी ट्राफी उठाई तो यहां हजारों लोग खुशी से झूम उठे। रावलपिंडी में जश्न मना रही हजारों की भीड़ में शामिल जावेद अहमद ने कहा, "हम रोज टेलीविजन पर खून और लाश देखते हैं। परंतु आज एक अलग दिन है। आज हमारे देश को जश्न मनाने का एक मौका मिला है।"
इसी वर्ष मार्च के महीने में लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट पर आतंकवादी हमला हुआ था जिससे पाकिस्तान की छवि को गहरा धक्का लगा था। अब यहां के लोग मानते हैं कि इस खिताबी जीत से उनके देश की छवि जरूर सुधरेगी।
विश्वविद्यालय के छात्र अली रजा कहते हैं, "यह एक बड़ी जीत है। इससे पूरी दुनिया में हमारी छवि सुधरेगी। आतंकवादी कुछ लोग हैं लेकिन दुनिया को लगता है कि पूरा पाकिस्तान आतंकवादी है। इस जीत के साथ हमने साबित कर दिया है कि पाकिस्तानी कितने प्रतिभाशाली हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications