भोपाल बलात्कार कांड : ब्रेसलेट से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मुंबई से अपने पति के साथ आई एक युवती के साथ 17 जून को चलती गाड़ी में कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था। पुलिस ने जब मामले की तहकीकात की तो मौके से उसके हाथ दो ब्रेसलेट लगे जिस पर सत्तू और मुकेश नाम दर्ज थे।
पुलिस अधीक्षक जयदीप प्रसाद ने रविवार की रात सत्तू की गिरफ्तारी का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की इस सफलता में मौके से मिले ब्रेसलेट ने काफी मदद की है। पुलिस ने ब्रेसलेट में दर्ज नाम की तलाश की तो उसे पता चला कि परवलिया इलाके में इस नाम का एक व्यक्ति ढाबा चलाता है जिस पर कुछ मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने सत्यनारायण उर्फ सत्तू से पूछताछ की तो उसने राज उगल दिया। साथ ही पीड़ित महिला ने भी सत्तू की पहचान की है।
सत्तू ने पुलिस को बताया है कि काले रंग की इनोवा कार में आए तीन लोगों ने कालगर्ल की मांग की। सत्तू जब कालगर्ल की तलाश कर रहा था तभी आशाराम बाबू के आश्रम के पास खड़ी युवती ने लिफ्ट मांगी। सभी ने महिला के कार मे बैठते ही उसके पति पर कट्टा अड़ा दिया और बलात्कार किया।
सत्तू तीनों आरोपियों को पहचानता नहीं है। उसे सिर्फ इतनी जानकारी है कि वे जयपुर के निवासी हो सकते हैं। इसी आधार पर पुलिस जयपुर गई है और आरोपियों की तलाश के लिए छापे मार रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications