तेहरान संघर्ष में 10 लोगों की मौत

ईरान के सरकारी टीवी ने कहा है कि राजधानी तेहरान में पुलिस और आतंकवादी गुटों के बीच संघर्ष के दौरान 10 लोगों की मौत हो गई है. एक अन्य सरकारी टीवी चैनल ने मरने वालों की संख्या 13 बताई है. रिपोर्ट में कहा गया है कि दंगाइयों ने तेहरान में दो पेट्रोल स्टेशनों में आग लगा दी और एक सैनिक चौकी पर हमला किया.
इन रिपोर्टों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है. क्योंकि ईरान में विदेशी मीडिया पर कड़ा प्रतिबंध लगा दिया गया है. बीबीसी समेत अन्य विदेशी मीडिया पर प्रतिबंध है और उनके रिपोर्टरों को किसी भी रिपोर्ट की पुष्टि के लिए बाहर जाने से रोका जा रहा है.
चेतावनी
अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ईरान को चेतावनी दी है और कहा है कि वह अपने लोगों के ख़िलाफ़ हिंसा और अन्यायपूर्ण कार्रवाई रोके. ईरान में राष्ट्रपति चुनाव में महमूद अहमदीनेजाद की जीत के बाद विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं.
अहमदीनेजाद के प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों में चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है. उनके प्रमुख प्रतिद्वंद्वी मीर हुसैन मुसावी ने सर्वोच्च उलेमा परिषद में नतीजों के ख़िलाफ़ शिकायत भी की है. इस बीच ईरान की पुलिस के प्रमुख का कहना है कि चुनाव को लेकर किसी तरह की अशांति से कड़ाई से निपटा जाएगा.
कार्रवाई
मीर हुसैन मुसावी को भेजे एक पत्र में जनरल इस्माईल अहमदी मुक़द्दम ने कहा कि अभी तक पुलिसकर्मी संयम से काम ले रहे हैं लेकिन अगर विरोध प्रदर्शन जारी रहे तो ऐसा हमेशा नहीं होगा. मुसावी नतीजे में धांधली का आरोप लगा रहे हैं
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो शनिवार रात से शुरू हुए ताज़ा विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए पुलिस ने गोलियाँ चलाई, डंडे चलाए और आँसू गैस के गोले छोड़े.
देश के सर्वोच्च धार्मिक नेता आयतुल्ला अली ख़ामनेई की प्रदर्शनों को रोकने की मांग के बावजूद प्रदर्शनकारी एक बार फिर सड़कों पर उतर आए.
सरकारी टीवी के मुताबिक़ पुलिस और 'आतंकवादी गुटों' के बीच संघर्ष में 10 लोग मारे गए हैं. टीवी की रिपोर्ट में कहा गया है कि दंगाइयों ने दो पेट्रोल स्टेशनों में आग लगा दी और एक सैनिक चौकी पर भी हमला किया.


Click it and Unblock the Notifications