दाल-कीमा तो बना लेते हैं पर क्रिकेट में फिसड्डी हैं ओबामा
वाशिंगटन, 21 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा कीमा और दाल जैसे लजीज पकवान बनाने में माहिर हैं और वह ऊर्दू भी बखूबी पढ़ लेते हैं लेकिन विश्व के सबसे ताकतवर शख्स को क्रिकेट की गुगली समझ में नहीं आती।
ओबामा ने खुद इन बातों का खुलासा किया है। पाकिस्तानी समाचार अखबार 'डॉन' को दिए विशेष साक्षात्कार में ओबामा ने कहा कि लजीज व्यंजनों को बनाने की कला उन्होंने कॉलेज के दिनों में अपने पाकिस्तानी साथी की मां से सीखा लेकिन वह क्रिकेट के गुर नहीं सीख पाए।
ओबामा ने कहा, "जैसा कि आप जानते हैं कि कॉलेज के दिनों में मेरे कुछ पाकिस्तानी साथी थे, जिनसे मेरी गहरी दोस्ती थी। जब वे कराची और हैदराबाद में रहा करते थे तो भी मैं उनसे मिला करता था। मैं फिर से पाकिस्तान जाना चाहता हूं।"
ओबामा का यह विशेष साक्षात्कार रविवार को प्रकाशित हुआ है। उन्होंने कहा, "दोस्तों की माताओं ने मुझे खाना बनाना सिखाया। उन्हीं की वजह से मैं दाल और कीमा बना सकता हूं। "
ओबामा ने कहा, "मुझे पाकिस्तानी संस्कृति और ऊर्दू के कवियों से भी खास लगाव है। मैं ऊर्दू कविता भी बखूबी पढ़ सकता हूं। यही वजह है कि मैं पाकिस्तान जाना चाहता हूं।"
अपनी कमजोरी के बारे में ओबामा ने कहा कि उन्हें क्रिकेट खेलने नहीं आता है। उन्होंने कहा, "मैं आपको बताऊं कि कई बार क्रिकेट खेलने की कोशिश भी की लेकिन असफल रहा। मैं भले ही इस खेल में फिसड्डी हूं लेकिन महान क्रिकेट खिलाड़ियों का बड़ा प्रशंसक हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications