भोपाल में कार बलात्कार मामले में एक गिरफ्तार
भोपाल के पुलिस अधीक्षक जयदीप प्रसाद ने इस गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित महिला ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान की है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल से एक कलाईबंद पाया गया था, जिस पर सत्तू लिखा हुआ था। पुलिस सत्तू नाम के व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पता चला कि सत्यनारायण उर्फ सत्तू नामक एक व्यक्ति परवलिया इलाके में एक ढाबा चलाता है। पुलिस को यह भी पता चला कि वह अपराधी प्रकृति का है। पुलिस ने पहले उसकी तस्वीर पीड़ित महिला के पास मुंबई भेजी और महिला ने उसे पहचान लिया। उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूछताछ के दौरान सत्तू ने बताया है कि वारदात में शामिल अन्य तीन आरोपी राजस्थान में जयपुर के रहने वाले हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस दल जयपुर गया हुआ है।
ज्ञात हो कि भोपाल में हथियार के बल पर चलती इनोवा कार में महिला के साथ बलात्कार की यह घटना पुलिस के लिए सिर दर्द बनी हुई थी। पुलिस ने आरोपियों का सुराग देने वाले के लिए पांच-पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की थी।
पीड़ित महिला मुम्बई के कम्प्यूटर व्यवसायी प्रमोद की पत्नी संजना (काल्पनिक नाम) थी। दोनों पति-पत्नी बेटी को स्कूल में दाखिला दिलाने के सिलसिले में भोपाल आए हुए थे। पिछले बुधवार की रात पति-पत्नी आशाराम बापू आश्रम के पास वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी वहां से गुजर रही काले रंग की इनोवा कार ने उन्हें लिफ्ट दी थी और उसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ बलात्कार किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications