स्वात के मुख्य पर्वत पर पाक सेना का कब्जा
इस्लामाबाद, 21 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने तालिबान आतंकवादियों के खिलाफ जारी लड़ाई के दौरान स्वात घाटी के एक महत्वपूर्ण पर्वत को अपने नियंत्रण में ले लिया है।
समाचार चैनल 'जियो टीवी' ने रविवार को खबर दी कि स्वात की पर्वत चोटी 1747 पर सेना का नियंत्रण हो गया है। यह पर्वत चोटी रणनीतिक लिहाज से बहुत अहम मानी जाती है।
यह पवर्त पियोचर और बिहा घाटी के बीच स्थित है। यहां से आतंकवादी ऊंचाई का पूरा फायदा उठाते हुए सेना पर लगतार हमले कर रहे थे। पियोचर तालिबान के स्वयंभू कमांडर मौलाना फजलुल्लाह का मुख्य ठिकाना था।
अधिकारियों ने बताया कि बिहा घाटी में आतंकवादियों के कई ठिकानों को नष्ट कर दिया गया है। सुरक्षाबलों ने पर्वत को तीन ओर से घेर लिया और भीषण लड़ाई के बाद इस पर कब्जा जमा लिया। इस पर्वत पर आतंकवादियों के कई ठिकाने थे।
पाक सेना के मुताबिक वह अब तक लगभग 1,500 तालिबान आतंकवादियों को ढेर कर चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications