स्वाइन फ्लू : 3 नए मरीज, देश में 59 मामले (लीड-1)
स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को अपने बयान में कहा कि देश में शनिवार तक इनफ्जुएंजा ए (एच1एन1) के पीड़ितों की संख्या बढ़कर 59 हो गई है। इस बीच इनमें से 32 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
बयान में कहा गया कि नए मामलों में चेन्नई के 29 वर्षीय पुरुष और 25 वर्षीय उसकी पत्नी तथा राजधानी में 15 वर्षीय किशोर में वायरस की पुष्टि हुई है।
दंपति अमेरिका के केरोलिना से न्यूजर्सी, मुंबई, दिल्ली होते हुए 13 जून को चेन्नई पहुंचा था। स्वाइन फ्लू के लक्षण के बाद दूसरे ही दिन वे निर्धारित स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हो गए थे। उधर न्यूयार्क से 17 जून को दिल्ली पहुंचने वाला किशोर दो दिन बाद स्वाइन फ्लू के लक्षण होने पर निर्धारित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा था।
दिल्ली के स्वास्थ्य सचिव जे. पी. सिंह ने आईएएनएस से कहा कि दिल्ली में स्वाइन फ्लू पीड़ितों की संख्या 16 हो गई है। हालांकि इसमें घबराने वाली कोई बात नहीं है क्योंकि इसमें से कई लोग पूरी तरह स्वस्थ भी हो चुके हैं। आज ऐसे ही पांच मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे गई।
देश में अब तक 412 संदिग्ध व्यक्तियों से लिए गए नमूनों की जांच की गई। उनमें से 59 में फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें से छह मामले स्थानीय स्तर पर हुए संक्रमण के परिणाम हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने 94 देशों में फ्लू के कुल 44,287 मामलों की पुष्टि की है। इनमें से 180 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*