बारूदी सुरंग के विस्फोट में शहीद जवानों की संख्या 12 हुई
रायपुर, 21 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में शनिवार शाम संदिग्ध नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंग के विस्फोट में शहीद हुए जवानों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इस विस्फोट में 11 जवान घायल भी हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक यह विस्फोट दंतेवाड़ा जिले के टोंगापल इलाके में उस समय हुआ जब वहां से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जिला सुरक्षा बल के 40 जवान अपने शिविर की ओर लौट रहे थे।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक टी. जे. लोंगकुमार ने आईएएनएस को बताया,"विस्फोट में सात जवानों की मौत मौके पर ही हो गई। चार जवानों को अस्पताल में मृत घोषित किया गया जबकि एक जवाने ने शनिवार देर दम तोड़ दिया।"
उधर, सुकमा के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हमला सुनियोजित ढंग से किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications