बलात्कार पीड़ित युवती ब्रिटेन गई : पुलिस
मामले के जांच अधिकारी शिवचंद ने आईएएनएस से कहा, "18 वर्षीय ब्रिटिश युवती शनिवार को पालमपुर से दिल्ली चली गई, जहां से वह ब्रिटेन जाएगी। जिस गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के लिए वह काम करती थी उसने कांगड़ा हवाई अड्डे पर युवती के लिए चार्टर्ड फ्लाइट की व्यवस्था की थी।"
जांच अधिकारी ने कहा कि युवती के साथ आए अन्य 42 ब्रिटिश नागरिक पूर्व तरह की अपना काम रहे हैं।
आरोप है कि पालमपुर शहर में गुरुवार की रात टैक्सी ड्राइवर राकेश कुमार (28) और सुशील कुमार (26) ने ब्रिटिश युवती को लिफ्ट दी और फिर उसे अगवा कर उसके साथ बलात्कार किया।
ब्रिटिश युवती एनजीओ सार्थक के साथ काम करती है। वह पिछले 3 जून को 42 अन्य ब्रिटिश नागरिकों के साथ पालमपुर आई थी।
शिवचंद ने आईएएनएस से कहा कि पालमपुर अदालत ने शनिवार को दोनों आरोपियों को 23 जून तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
उन्होंने कहा कि गुरुवार की रात जब युवती अपना काम खत्म करने के बाद लौट रही थी तब पालमपुर के बाहरी इलाके में दो युवकों ने उसे लिफ्ट दी। युवकों ने पहले युवती के साथ छेड़छाड़ की और फिर बाद में उसके साथ बलात्कार किया। पीड़ित ने शुक्रवार की सुबह पुलिस में अपनी शिकायत दी थी।
कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार फुलजले ने आईएएनएस से कहा कि इस मामले में पुलिस आरोप पत्र जल्द ही अदालत में पेश करेगी। उन्होंने कहा कि हमें फिलहाल फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। चिकित्सकीय परीक्षण में युवती से बलात्कार की पुष्टि हुई है। आरोपियों पर बलात्कार, अपहरण के साथ ही भारतीय दंड प्रक्रिया की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक एस. आर. मर्डी ने कहा कि त्वरित न्याय के लिए इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाएगा।
पुलिस ने कहा कि 42 ब्रिटिश नागरिक 10 सप्ताह के लिए भारत आए हैं। वे यहां गरीब बच्चों को शिक्षा प्रदान करने आए हैं। पुलिस ने घटना के बारे में ब्रिटिश उच्चायोग को सूचना दे दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications