नेपाल के माओवादियों और लालगढ़ के बीच कोई संबंध नहीं : मेनन (लीड-1)
मेनन ने कहा, "इसमें इस तरह के कयास के लिए कोई जगह नहीं है कि दोनों के बीच कोई संबंध है।"
मेनन ने अपने दो दिवसीय नेपाल दौरे के दौरान माओवादियों के प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल प्रचंड, प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल और अन्य नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा, "मुझे माओवादियों सहित सभी संवैधानिक राजनीतिक पार्टियों ने लगातार भरोसा दिलाया है कि वे भारत के आंतरिक मामलों में दखल नहीं देंगे।"
मेनन का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब देश के पश्चिम बंगाल राज्य के एक जनजातीय गांव लालगढ़ में राज्य की सत्ताधारी वामपंथी सरकार के खिलाफ विद्रोहियों ने बगावत शुरू कर दी है। परिणामस्वरूप उस इलाके में सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा है।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ राज्य में सक्रिय नक्सलियों ने भी शनिवार को एक बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया था। इस घटना में 12 सुरक्षा कर्मियों की मौत हो गई थी।
उधर नेपाल में यूनीफाइड कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओवादी) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को जम कर उपद्रव मचाया और सरकारी कार्यालयों के सामने धरना दिया।
प्रदर्शनकारियों ने मध्य नेपाल के धादिंग में स्थित प्रशासनिक कार्यालयों में तोड़-फोड़ की जिसके कारण इलाके में कर्फ्यू लागू कर दिया गया। इस बीच प्रदर्शनकारियों का सुरक्षा बलों के साथ टकराव भी हुआ, जिसके कारण दर्जनों लोग घायल हो गए।
प्रदर्शनकारी सेना प्रमुख जनरल रुक्मांगद कटवाल के खिलाफ पार्टी की पुरानी लड़ाई लड़ रहे हैं। माओवादी सरकार ने कटवाल को पद से हटाने की कोशिश की थी, लेकिन वे उसमें विफल रहे। अलबत्ता उन्हें खुद कुर्सी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
माओवादियों के विरोध प्रदर्शनों के कारण विदेश सचिव मेनन की दो दिवसीय नेपाल यात्रा में रविवार को बाधा आई।
मेनन नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करने से पहले यहां चार मंत्रियों से मुलाकात करने वाले थे, लेकिन विरोध प्रदर्शनों के कारण वह मात्र विदेश मंत्री सुजाता कोईराला से ही मुलाकात कर पाए। वह भी इसलिए कि विदेश मंत्रालय पूर्व रायल पैलेस में स्थित है, जो कि मुख्य मंत्रालय से दूर है। मुख्य मंत्रालय को माओवादियों ने पूरी तरह घेर रखा था।
मेनन उप प्रधानमंत्री बिजय कुमार गच्छेदार से सुबह 10 बजे सिंह दरबार में मिलने वाले थे। लेकिन यह मुलाकात स्थगित हो गई। मेनन नवनियुक्त गृह मंत्री भीम रावल और रक्षा मंत्री विद्या भंडारी से भी मुलाकात नहीं कर पाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications