भारत व अमेरिका के बीच वर्ष 2018 तक 320 अरब डॉलर का व्यापार संभव :सीआईआई
वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा द्वारा न्यूयार्क में जारी की गई 'इंडिया-अमेरिका इकॉनॉमिक रिलेशन : द नेक्स्ट डीकेड' शीर्षक वाली रिपोर्ट में कहा गया है, "यदि स्थितियां अनुकूल रहीं तो दोनों देशों के बीच वर्ष 2018 तक व्यापार का आंकड़ा 320 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।"
रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2007 में भारत में अमेरिकी निवेश नौ अरब डॉलर तक पहुंच गया था और अमेरिका में भारतीय निवेश ठीक उसी तरह बढ़ कर 3.7अरब डॉलर तक पहुंच गया था।
सीआईआई के अनुसार दोनों देशों के बीच हुए परमाणु करार के कारण भी द्विपक्षीय संबंधों के एक नए युग की शुरूआत हुई है और परमाणु ऊर्जा जैसे व्यापार के विभिन्न नए क्षेत्र खुले हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है, "भारत अगले 11-15 वर्षो के भीतर 24 परमाणु रिएक्टरों का आयात कर सकता है और परमाणु व्यापार के जरिए अमेरिका में प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से 20,000 से अधिक नए रोजगार पैदा कर सकता है।"
सीआईआई ने कहा है कि यद्यपि अमेरिका व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी में भारत का सबसे बड़ा साझेदार बन चुका है, फिर भी दोनों देशों को व्यापारिक संबंधों को मजबूत बनाने के लिए और काम करने की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications