सर्दियों में और भयानक रूप ले सकता है स्वाइन फ्लू
महामारी के विशेषज्ञ वरिष्ठ चिकित्सक नरेंद्र अरोड़ा ने आईएएनएस से कहा, "इस बीमारी के वायरस के बारे में जितना हम जानते हैं वह इससे भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है। बरसात और ठंड के मौसम में यह बीमारी और भी गंभीर रूप ले सकती है।"
देश में स्वाइन फ्लू से जुड़े अब तक 50 से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इस बीमारी का दूसरा चरण भी दस्तक दे सकता है।
केंद्रीय संयुक्त स्वास्थ्य सचिव विनीत चौधरी ने कहा, "स्वाइन फ्लू का दूसरा चरण ज्यादा प्रभावशाली होगा इसलिए हम इसके लिए एक वैक्सीन विकसित करने की प्रक्रिया में हैं।"
दिल्ली स्थित मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक नरेश गुप्ता ने कहा, "यह पहले भी देखा गया है कि महामारी कई चरणों में आती है और हर बार ज्यादा खतरनाक होती जाती है। इसी तरह की आशंका स्वाइन फ्लू को लेकर भी है कि आगे यह गंभीर रूप ले सकता है।"
गौरतलब है कि स्वाइन फ्लू 17 जून तक 89 देशों में लगभग 44,287 लोगों को अपनी चपेट में ले चुका था। इस बीमारी से अब तक 180 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications