तालेबान के साथ झड़पों में 44 मारे गए

सबसे भीषण संघर्ष दक्षिणी वज़ीरिस्तान में हुआ है. ये इलाक़ा पाकिस्तानी तालेबान नेता बैतुल्ला महसूद और उनके संगठन तहरीक-ए-तालेबान का गढ़ माना जाता है.
तालेबान ने फ़िलहाल सेना के दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
'निर्णायक युद्ध करने की तैयारी'
इस इलाक़े में कम से कम 38 चरमपंथी मारे गए क्योंकि सेना ने हेलिकॉप्टर और तोपों से गोलाबारी की है.
सेना के अनुसार ऐसा इसलिए करना ज़रूरी था क्योंकि उस क्षेत्र में सेनाओं के काफ़िले के लिए रास्ता बनाना ज़रूरी था.
पाकिस्तान की सरकार ने कहा है कि वह उस इलाक़े में निर्णायक युद्ध करने की तैयारी में है. ये अफ़ग़ानिस्तान से लगा पाकिस्तान का पहाड़ी क़बायली क्षेत्र है.
सेना के इस कदम को असली कार्रवाई से पहले बैतुल्ला महसूद की घेराबंदी के रूप में देखा जा रहा है.
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री अहमद मुख़्तार ने कहा है कि पाकिस्तान की स्वात घाटी में जारी सैनिक कार्रवाई लगभग समाप्ति हो गई है और अब बड़ा अभियान तालेबान नेता बैतुल्ला महसूद के विरुद्ध होगा.
लेकिन स्वात में संघर्ष के दौरान एक सैन्य काफ़िले पर घात लगाकर हमला हुआ है जिसमें अनेक सैनिक मारे गए लेकिन चरमपंथी भागने में कामयाब हो गए.


Click it and Unblock the Notifications