'ईरान की कार्रवाई पर पूरी दुनिया की नज़र'

अमरीका के राष्ट्रपति ने कहा है कि ईरान की कार्रवाई पर दुनिया की नज़र है. शुक्रवार को आयतुल्ला अली ख़ामनेई ने प्रदर्शन करने वालों को चेतावनी दी थी.
शुक्रवार को अपने संबोधन में आयतुल्ला अली ख़ामनेई ने राष्ट्रपति के रूप में महमूद अहमदीनेजाद के दोबारा चुने जाने का समर्थन किया और कहा कि प्रदर्शन करने वाले इसके नतीजे के लिए ज़िम्मेदार होंगे.
लेकिन अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा का कहना है कि जिस तरह ईरानी प्रशासन शांतिपूर्ण तरीक़े से अपनी बात रखने की कोशिश करने वालों से निपट रहा है, उससे ईरान के तौर-तरीक़े के बारे में स्पष्ट संकेत जाएँगे.
हाल ही में संपन्न हुए राष्ट्रपति चुनाव में महमूद अहमदीनेजाद को विजयी घोषित किया गया था. लेकिन उनके प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों ने चुनावों में धांधली का आरोप लगाया है और वे फिर से चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं.
संदेश
राष्ट्रपति ओबामा ने पहले ये कहा था कि वे नहीं चाहते कि उन्हें ईरान के मामलों में दख़ल देने वाले व्यक्ति के रूप में देखा जाए.
ईरान से आ रहे बयानों की भाषा और उनके आशय को देखते हुए मैं बहुत चिंतित हूँ. ईरान की सरकार को ये समझना चाहिए कि पूरी दुनिया उन्हें देख रही है बराक ओबामा
| |
लेकिन सीबीएस के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, "ईरान से आ रहे बयानों की भाषा और उनके आशय को देखते हुए मैं बहुत चिंतित हूँ. ईरान की सरकार को ये समझना चाहिए कि पूरी दुनिया उन्हें देख रही है."
उन्होंने कहा कि जो लोग शांतिपूर्ण तरीक़ों से अपनी बात सुने जाने की कोशिश कर रहे हैं, उनसे किस तरह निपटा जा रहा है- इससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के पास ये संकेत जा रहा है कि ईरान क्या है और क्या नहीं है.
इससे पहले व्हाइट हाउस के प्रवक्ता रॉबर्ट गिब्स ने कहा था कि प्रदर्शन अदभुत और साहसिक हैं. वॉशिंगटन में प्रतिनिधि सभा ने ईरान में लोकतांत्रिक और निष्पक्ष चुनावों के पक्ष वाले एक बयान को एक के मुक़ाबले 405 मतों से पास किया.
इस बयान में ईरान में चल रही हिंसा की आलोचना की गई है. साथ ही ईरान सरकार की भी निंदा की गई है क्योंकि सरकार ने वहाँ इंटरनेट और सेल फ़ोन जैसे स्वतंत्र इलेक्ट्रॉनिक संचार तंत्रों को रोकने का काम किया है.
ईरान में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे के ख़िलाफ़ लगातार विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शन और तेज़ हो सकते हैं.
अहमदीनेजाद के प्रतिद्वंद्वियों ने शक्तिशाली उलेमा परिषद में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों के ख़िलाफ़ शिकायत की है. अब उलेमा परिषद इन उम्मीदवारों से मिलने जा रहा है.
परिषद ने राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार मीर हुसैन मुसावी, मेहदी करूबी और मोहसिन रेज़ाई को बातचीत के लिए बुलाया है. इन उम्मीदवारों ने अपनी शिकायत में 600 आपत्तियाँ दर्ज कराई हैं.
दावा
महमूद अहमदीनेजाद के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी मीर हुसैन मुसावी का दावा है कि चुनाव में धांधली की गई और उनकी मांग है कि मतदान दोबारा कराया जाए.
ओबामा ने कहा कि वे ईरान की घटना से चिंतित हैं
मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल का दावा है कि अभी तक विरोध प्रदर्शनों में 10 लोग मारे गए हैं.
शुक्रवार को अपने संबोधन में ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता आयतुल्ला अली ख़ामनेई ने महमूद अहमदीनेजाद के दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने पर पश्चिमी सरकारों की प्रतिक्रिया की आलोचना की.
उन्होंने कहा कि अमरीका और कुछ यूरोपीय देशों के 'मीडिया नेताओं' ने अपना असली चेहरा दिखा दिया है. ख़ामनेई ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे ईरान के शत्रुओं के लिए राजनीतिक भूकंप हैं.
उन्होंने ईरान के शत्रुओं में ख़ासतौर पर ब्रिटेन का ज़िक्र किया और उसे सबसे दुष्ट कहा और आरोप लगाया कि ब्रिटेन ईरान में अस्थिरता पैदा करना चाहता है.


Click it and Unblock the Notifications