ईरानः राजधानी तेहरान में स्थिति तनावपूर्ण

दो अर्धसरकारी समाचार एजेंसियों के मुताबिक एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को जाने माने ईमाम खोमेनेई की दरगाह के सामने विस्फोट में उड़ा दिया.
हालांकि अभी स्वतंत्र रूप से इस धमाके और हताहतों की पुष्टि नहीं की जा सकी है. बताया जा रहा है कि धमाके में दो लोग घायल हो गए है.
उधर प्रदर्शन करने के लिए इकट्ठा हो रहे लोगों को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया है.
राजधानी के केंद्रीय क्षेत्र की ओर लोगों के आने जाने को पूरी तरह से रोक दिया गया है ताकि किसी भी तरह के प्रदर्शन को रोका जा सके.
इससे पहले शुक्रवार को ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता आयतुल्ला अली ख़मेनेई ने राष्ट्रपति चुनाव के ख़िलाफ़ प्रदर्शनों को रोकने की चेतावनी दी थी.
पुलिस ने चेतावनी दी है कि अब कोई और रैली बर्दाश्त नहीं की जाएगी क्योंकि ऐसा करना ग़ैर क़ानूनी होगा.
उधर तीन में से दो विपक्षी नेता चुनाव में अनियमितताओं की जाँच कर रहे काउंसिल के सामने भी नहीं आए हैं. काउंसिल के सामने मीर हुसैन मुसावी और मेहदी करौबी को पेश होना था पर दोनों ही काउंसिल के समक्ष नहीं आए.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इससे साफ़ संकेत देने की कोशिश की गई है कि दोनों ही नेताओं का क़ानून अपील प्रक्रिया में कोई विश्वास नहीं है.
चुनाव परिणामों का विरोध
चुनाव परिणामों के विरोध में प्रदर्शनों और विरोध का क्रम देख रहे ईरान में स्थिति अभी भी सामान्य होती नज़र नहीं आ रही है.
खमेनेई सख़्त लहज़े में प्रदर्शनकारियों को चेतावनी दे चुके हैं
ईरान में पिछले हफ़्ते हुए राष्ट्रपति पद के चुनावों में महमूद अहमदीनेजाद को दो-तिहाई मतों से विजयी घोषित किया गया था लेकिन विपक्ष ने चुनाव में धाँधली के आरोप लगाए थे और प्रदर्शन शुरु हो गए थे.
एक सप्ताह से ज़्यादा समय से जारी प्रदर्शनों के बाद भी ईरान में स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है.
अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ईरान में चल रहे घटनाक्रम पर नज़र है. ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता आयतुल्ला अली ख़ामनेई ने शांति बहाल करने के प्रयासों के तहत अपील की है कि दंगें बंद किए जाएँ.
उन्होंने क़ानून हाथ में लेने वालों के ख़िलाफ़ सख़्त चेतावनी भी दी है पर चुनाव में पराजित घोषित किए गए मीर हुसैन मूसावी की पत्नी ने कहा है कि चुनावी नतीजों के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे.
मूसावी की पत्नी ज़ाहरा रहनावर्द ने अपनी वेबसाइट पर आम लोगों से शनिवार को एक बार फिर इकट्ठा होने की अपील की है.
ख़ुद मूसावी ने कहा है कि वो जल्दी ही एक बयान जारी करेंगे. समझा जा रहा है कि इसमें ख़मेनेई की चेतावनी पर वो कोई टिप्पणी कर सकते हैं.
मूसावी की पत्नी ने सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फ़ेसबुक के ज़रिए लोगों से प्रदर्शन के लिए तैयार रहने की अपील की है. ज़ाहरा रहनावर्द एक और विपक्षी उम्मीदवार मेहदी करौबी की सहयोगी रही हैं.


Click it and Unblock the Notifications