अभियंता का शव पटना पहुंचते ही सड़क पर उतरे लोग (राउंडअप)
बिहार राज्य अभियंता संघ की शुक्रवार की शाम एक बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से अभियंताओं की सुरक्षा की मांग की गई तथा सीतामढ़ी के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा पथ निर्माण विभाग के सचिव पर कारवाई करने की मांग सरकार से की गई।
संघ के महासचिव राजेश्वर मिश्र ने बैठक के बाद बताया कि सरकार को 48 घंटे का समय दिया गया है अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो 22 जून से अभियंता आंदोलन प्रारंभ कर देंगे। इसके बाद भी उनकी मांग की उपेक्षा की गई तो 25 जून से राज्य के सभी अभियंता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
इधर, मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि इस मामले में उन्होंने पुलिस महानिदेशक तथा मुख्य सचिव से बात की है तथा मामले की जांच कर दोषियों पर कारवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योगेन्द्र के मामले में निष्पक्ष जांच होगी।
योगेन्द्र के परिजन इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या मानते हैं। मृतक योगेन्द्र पांडेय की पत्नी वीणा देवी का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, हत्या का मामला है। उन्होंने कहा कि पिछले छह जून को सीतामढ़ी में किशोर सिंह नामक ठेकेदार ने उनके कार्यालय में आकर उनके साथ मारपीट की थी तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद उन्होंने सीतामढ़ी के जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की मांग की थी परंतु उन्हें सुरक्षा नहीं दिया गया बल्कि उन्हें प्रताड़ित किया गया। उन्होंने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
इसके पूर्व कार्यपालक अभियंता योगेन्द्र पांडेय का शव आज जैसे ही उनके निवास स्थल पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के आईएएस कॉलोनी में पहुंचा वहां का माहौल गमगीन हो गया। इस घटना से आक्रोषित लोगों ने बेली रोड जाम कर दिया तथा सड़कों पर टायर जलाये। इस जाम से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि सीतामढ़ी जिला के समाहरणालय भवन (जिलाधिकारी कार्यालय) की तीसरी मंजिल से गुरुवार को कथित तौर पर कूदकर पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता योगेन्द्र पांडेय ने अपनी जान दे दी।
पुलिस के अनुसार उनके पॉकेट से एक सुसाइड नोट बरामद किया है जिसमें लिखा गया है कि मैं विभाग में काम करने के लायक नहीं हूं। विभाग भी मुझे नाकाम अधिकारी समझता है, इस कारण मुझे जीने का हक नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications