पाकिस्तानी सेना के अभियान में 38 तालिबानी मारे गए
इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने अपने बयान में कहा कि पिछले 24 घंटे के दौरान 38 आतंकवादी मारे गए और छह को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें से 32 आतंकवादी मलकंद डिवीजन में मारे गए। अभियान के दौरान एक अधिकारी समेत छह जवानों की मौत हो गई।
उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत के मलकंद डिवीजन और दक्षिण वजीरिस्तान में सेना के अभियान में एक जूनियर कमीशंड आफिसर समेत 17 जवान घायल हो गए।
बयान में कहा गया कि तनई और सरवकी इलाके में आतंकवादियों ने सड़क को जाम कर दिया था। सेना इन सड़कों को खाली कराने का अभियान चला रही है। सरवकी में आतंकवादी और सेना की मुठभेड़ में 32 आतंकवादी मारे गए।
बयान में कहा गया कि सुरक्षा बलों ने कोटलई, छुंगई, जारा खेला पर नियंत्रण हासिल कर लिया है और अब वे डागई की ओर बढ़ रहे हैं। यहां आतंकवादियों के साथ गोलीबारी में एक जवान घायल हो गया।
उल्लेखनीय है कि सेना ने तालिबान के खिलाफ पिछले 26 अप्रैल को अभियान शुरू किया था। सेना के मुताबिक अभियान में अब तक 1500 तालिबानी मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*