विरोध प्रदर्शन के बीच भारत-नेपाल सहयोग बढ़ाने पर सहमत (लीड-2)
काठमांडू, 20 जून (आईएएनएस)। भारतीय विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने सहयोग तेज करने के एक समझौते के साथ दो दिवसीय नेपाल दौरा आरंभ किया, यद्यपि भारतीय दूतावास पर प्रदर्शन करने और मेनन को काला झंडा दिखाने का प्रयास कर रहे करीब दो दर्जन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
नेपाल में नई सरकार बनने के बाद स्थगित शांति प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए नए प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल से वार्ता के लिए पहुंचे मेनन पहले भारतीय उच्च स्तरीय अधिकारी हैं।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री के मीडिया राजन भट्टराई ने आईएएनएस को बताया,"दोनों पक्ष सीमा समस्या को हल करने के लिए मौजूदा तंत्र को फिर सक्रिय करने पर राजी हो गए।"
मेनन के नेपाल पहुंचने के पहले ही नेपाल की सीमा में कथित भारतीय अतिक्रमण के खिलाफ असंतोष बढ़ता जा रहा था।
पुलिस ने एकीकृत नेपाल राष्ट्रीय मोर्चा के अध्यक्ष पहनिंद्र नेपाल सहित 19 लोगों को गिरफ्तार किया।
कुछ नेपालियों का आरोप है कि भारत ने चार वर्ष से नवलपारसी जिले के सुस्ता गांव में अवैध कब्जा जमा रखा है। यह गांव भारत-नेपाल सीमा पर स्थित है। यहां के स्थानीय लोगों ने 'सुस्ता बचाओ अभियान' नाम से एक संगठन बनाया है।
गौशला थाने के प्रभारी ने आईएएनएस को बताया, "यह एक गैर राजनीतिक प्रदर्शन है। युवकों ने कहा है कि वे सुस्ता बचाओ अभियान के हिस्सा हैं। हम इस मामले की जांच कर रहे हैं।"
भारतीय विदेश सचिव का दौरा उस समय हो रहा है तब माओवादी सरकार से अलग हो चुके हैं और उन्होंने नेपाल में अस्थिरता के लिए भारत को जिम्मेदार बताया है।
माओवादियों ने नई सरकार द्वारा सेना प्रमुख जनरल रूक्मांगद कटवाल की बर्खास्तगी संबंधी आदेश को निरस्त किए जाने के खिलाफ शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। माओवादियों ने नेपाल में राष्ट्रपति के नेतृत्व वाले तंत्र की वकालत की है जबकि माना जा रहा है कि भारत इस पर असहमत है।
मेनन की यात्रा इस नजरिए से भी अहम है कि नई सरकार और तराई के दलों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए वह मध्यस्थ की भूमिका निभा सकते हैं। तराई के दल भारत के निकट माने जाते हैं।
मेनन के साथ भारतीय विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (उत्तर) सतीश मेहता भी नेपाल पहुंचे हैं। विदेश सचिव नेपाली प्रधानमंत्री माधव नेपाल, राष्ट्रपति रामबरन यादव और माओवादी नेता प्रचंड से मुलाकात करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications