नक्सली हमले के कारण नाल्को का बाक्साइट का उत्पादन लक्ष्य से कम
भुवनेश्वर, 20 जून (आईएएनएस)। सार्वजनिक क्षेत्र की नेशनल एल्युमिनियम कंपनी (नाल्को) की खदानों पर दो माह पहले हुए नक्सली हमले के कारण कंपनी बाक्साइट के उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने में विफल रही है।
उड़ीसा के कोरापुट जिले में स्थिति नाल्को की दमानजोड़ी खदान 12 अप्रैल को हुए नक्सली हमले के बाद से बंद है। रात में हुए उस हमले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के 10 जवानों की मौत हो गई थी।
कंपनी के चेयरमैन सी. आर. प्रधान ने एक साक्षात्कार में आईएएनएस से कहा, "हमले के बाद से बाक्साइट के उत्पादन में कम से कम एक लाख टन की कमी आई है, जो लक्ष्य का करीब 20 फीसदी है।"
इस खदान की क्षमता प्रति वर्ष पांच लाख टन बाक्साइट उत्पादन की है।
प्रधान ने कहा, "मजदूर भय के माहौल में काम कर रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों के नक्सल प्रभावित होने के कारण वे रात में काम करने से कतराते हैं।"
प्रधान ने हालांकि यह भी कहा कि पिछले तीन दशक से गिरावट के शिकार एल्युमिनियम सेक्टर में सुधार के संकेत मिल रहे हैं।
इससे दुनिया के सबसे बड़े एल्युमिनियम निर्माता और निर्यातक भारत को अपने उत्पादों की कीमत में संशोधन का मौका मिला है।
उन्होंने कहा, "हमने उत्पादों के हिसाब से छूट की राशि में पांच से छह हजार रुपये की कमी की है।"
उन्होंने कहा कि बाजार की स्थिति उत्साहजनक है और कीमतों में उछाल आ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications