श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन के दौरान दो दर्जन घायल
जुमे की नमाज के बाद नौहट्टा, गोजीवाड़ा, राजौरी कादल, कवादरा और पुराने शहर के कुछ अन्य इलाकों में लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस व केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर भारी पथराव करने लगे।
प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस दौरान इन संघर्षो में स्थानीय फोटो पत्रकारों, सुरक्षा कर्मियों और प्रदर्शनकारियों सहित दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
वरिष्ठ अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी ने पिछले महीने दक्षिण कश्मीर के सोपियां कस्बे में नीलोफर जान (22) व असिया जान (17) नामक दो महिलाओं के साथ बलात्कार व उनकी हत्या के विरोध में उत्तरी कश्मीर के बारामूला कस्बे में शुक्रवार को एक मार्च का आह्वान किया था।
प्रशासन ने मार्च को विफल करने के लिए बारामूला और सोपोर कस्बों में धारा 144 लागू कर दिया था।
मार्च में शामिल होने के लिए इकट्ठा होने वाली भीड़ को रोकने के लिए पत्तन कस्बे के पहले श्रीनगर-बारामूला राजमार्ग पर भी धारा 144 लागू कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications