स्वाइन फ्लू : 6 नए मरीज, देश में 50 मामले हुए
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि देश में स्वाइन फ्लू के छह नए मामलों की पुष्टि हुई है जिसमें दिल्ली के तीन, बेंगलुरू के दो और मुंबई के एक मरीज शामिल हैं। इन सभी को अस्पतालों में निगरानी में रखा गया है और इनके संपर्क आए लोगों की पहचान की जा रही है।
दिल्ली में नौ वर्षीय एक बच्चे में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। वह अमेरिका से 11 जून को स्वदेश लौटा था। इसके अलावा मिस्र से 13 जून को आने वाले 28 वर्षीय युवक में वायरस की पुष्टि हुई है। तीसरा मामला मानव से मानव में संक्रमण का है। एक 66 वर्षीय महिला अपने पुत्र के जरिये इस वायरस से संक्रमित हो गई।
दिल्ली के स्वास्थ्य सचिव जे.पी.सिंह ने आईएएनए से कहा कि दिल्ली में तीन नए मामलों के साथ यहां मरीजों की संख्या 12 हो गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग इस बीमारी के साथ ही स्थिति पर निगरानी रख रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में स्वाइन फ्लू के 50 मामलों में से 16 मरीजों को छुट्टी दी जा चुकी है।
बेंगलुरू में अमेरिका से 14 जून को लौटने वाले दो साल के बच्चे में स्वाइन फ्लू वायरस की पुष्टि हुई है। एक अन्य मामला 36 वर्षीय व्यक्ति की है जो कि जर्मनी से 14 जून को स्वदेश लौटा था उसमें भी वायरस की पुष्टि हुई है।
मुंबई में एक मरीज की पहचाना की गई है। 36 वर्षीय यह व्यक्ति अमेरिका, न्यू जर्सी होते हुए 15 जून को मुंबई पहुंचा था।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार कम से कम 89 देशों में आधिकारिक तौर पर इनफ्लुएंजा ए (एच1एन1) के 39,620 मामले सामने आए हैं। इसमें 167 लोगों की मौत हो चुकी है। ज्यादातर मौतें मेक्सिको और अमेरिका में हुई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications