पांच नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
अपर आरक्षी महानिरीक्षक (मुख्यालय) वी़ नारायणन ने बताया कि शुक्रवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस नालंदा की सभी सड़कों पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया। यह ट्रक विस्फोटक से लदा हुआ था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
उन्होंने बताया कि बरामद किए गए विस्फोटकों में करीब एक टन जिलेटिन, 6000 डेटोनेटर तथा बड़ी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट शामिल हैं।
नालंदा के पुलिस अधीक्षक विनीत विनायक ने बताया कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें प्रवेश मिश्रा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का अग्रिम पंक्ति का नक्सली है जबकि दिवाकर नेपाल का नक्सली है। इसके अलावा गिरफ्तार किए गए नक्सलियों में मोहम्मद कुद्दुस, मोहम्मद आलम तथा विमलेश यादव शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि यह ट्रक झारखंड के कोडरमा से चला था। उन्होंने आशंका व्यक्त की यह विस्फोटक नेपाल ले जाया जा रहा था। हालांकि उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने पर ही सही जानकारी पता चलेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम कोडरमा भी जांच के लिए भेजी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications