आपत्तिजनक स्थिति में मिले आईएएस अधिकारी को निलंबित किया गया
वर्तमान में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर कार्यरत ज्ञानेश्वर पाटिल को निजी चैनलों के कैमरों ने गुरुवार की रात आपत्तिजनक स्थिति में कैद किया था। रात के समय जिला पंचायत कार्यालय में पाटिल एक कर्मचारी के साथ अर्धनग्न अवस्था में पाए गए थे।
सिकंदरापुरा पंचायत के सचिव सतीश चौकसे ने आरोप लगाया है कि पाटिल उसका दैहिक शोषण करते थे और रात में भी इसीलिए उसे जिला पंचायत के दफ्तर में बुलाया गया था। वहीं दूसरी ओर पाटिल का कहना है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है।
श्यामला हिल्स थाने के प्रभारी कमल जैन ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि पाटिल और चौकसे ने थाने में शिकायतें दर्ज कराई हैं। चौकसे ने जहां पाटिल पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है वहीं पाटिल ने पंचायत सचिव पर ब्लैक मेल करने के लिए पूरी कहानी गढ़ने का आरोप लगाया है।
इस बीच, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए पाटिल को निलंबित कर दिया है और प्रकरण की जांच कराने की बात कहीं है।
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हमने इस मामले को गंभीरता से लिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications