बिहार में एपीपी की गोली मारकर हत्या, मुख्यमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा (लीड-1)
देव नारायण मिश्र शुक्रवार को अन्य दिनों की भांति न्यायालय जा रहे थे कि एक मोटरसाईकिल पर सवार तीन व्यक्तियों ने आश्रम चौक के पास उन्हें गोली मार दी जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
अररिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अवधेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले की एक प्राथमिकी सदर थाना में दर्ज करा दी गई है तथा पुलिस ने मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि अररिया से बाहर जाने वाले सभी सड़कों को सील कर दिया गया है तथा वाहनों की सघन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
उधर, इस घटना के बाद गुस्साए अधिवक्ताओं ने आज अररिया न्यायालय में अपना कामकाज बंद रखा। लोगों ने भी इस घटना के विरोध में अररिया बाजार बंद रखा।
इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में मिश्र की हत्या पर दु:ख प्रकट करते हुए कहा कि इस मामले की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिश्र के परिजनों को राज्य सरकार द्वारा 10 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिश्र की हत्या में शामिल लोगों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications