'शर्म करो दिवस' का राहुल के जन्मदिन से कोई संबंध नहीं : मायावती
लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में मायावती ने कहा कि देश में भाईचारा तोड़ने और जातिवाद को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ बसपा ने देशव्यापी शर्म करो जागरूकता अभियान शुरू करने का फैसला किया है। इस अभियान की शुरूआत आज उत्तरप्रदेश से की गई है।
बसपा प्रदेश के सभी 71 जिला मुख्यालयों पर आज शर्म करो दिवस मना रही है। हर जिले में बसपा कार्यकर्ताओं की तरफ से रैलियां आयोजित की गई हैं।
मायावती ने कहा कि 19 जून का दिन बसपा के लिए बहुत खास है। उन्होंने कहा, "3 जून 1995 को पहली बार मैंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और आज ही के दिन यानी 19 जून 1995 को बसपा सरकार बनने के बाद पहला विधानसभा सत्र शुरू हुआ था।"
मायावती ने जोर देते हुए कहा कि 19 जून को बसपा अपने आंदोलन के लिए बड़ा दिन मानती है। उन्होंने कहा कि शर्म करो अभियान तब तक चलता रहेगा जब तक बसपा जातिवाद की राजनीति करने वालों को सही लाइन पर नहीं ले आएगी। उन्होंने कहा कि आजादी के 61 साल बाद भी देश में जातिवाद खत्म नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान का राहुल गांधी के जन्मदिन पर प्रदेश में मनाए जा रहे समरसता दिवस से कोई संबंध नहीं है। मायावती ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी अपना जन्मदिन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ विदेश में मना रहे हैं।
मालूम को हो कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता आज राहुल गांधी के जन्मदिन को समरसता दिवस के रूप में मना रहे हैं। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ता दलितों के साथ भोजन के अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications